मुहर्रम शरीफ़ पर खेड़ी शिकोहपुर में निकला ताज़ियों का भव्य जुलूस, अखाड़ों में लाठी-गदका से दी गई शहीदों को श्रद्धांजलि

मुहर्रम शरीफ़ पर खेड़ी शिकोहपुर में निकला ताज़ियों का भव्य जुलूस, अखाड़ों में लाठी-गदका से दी गई शहीदों को श्रद्धांजलि

स्थान :-भगवानपुर (हरिद्वार)
रिपोर्टर : मुरसलीन अल्वी

देशभर की तरह खेड़ी शिकोहपुर गांव (भगवानपुर क्षेत्र) में भी आज मुहर्रम शरीफ़ पर शोक और श्रद्धा से भरे जुलूसों का आयोजन किया गया। इस्लाम धर्म के सबसे महत्वपूर्ण और दुखद अवसरों में से एक मुहर्रम पर अकीदतमंदों ने हज़रत हसन, हज़रत हुसैन और करबला के तमाम शहीदों को याद किया।

गांव में दो दर्जन से अधिक ताज़िए बनाए गए, जो पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ जुलूस की शक्ल में निकाले गए। ताज़ियेदारों ने मरसिए पढ़े, मातम किया और करबला की त्रासदी को याद करते हुए सच और ईमान की राह पर शहादत देने वालों को श्रद्धांजलि दी।

8 स्थानों पर हुआ अखाड़ा प्रदर्शन

गांव में अलग-अलग 8 स्थानों पर अखाड़ों का आयोजन किया गया, जहां युवाओं ने लाठी और गदका खेलते हुए मातम मनाया और बहादुरी से लड़ते हुए शहीद हुए करबला के वीरों को याद किया। अखाड़ों में दिखाए गए हैरतअंगेज़ करतब श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बने रहे।

अकीदतमंदों की भावुक श्रद्धांजलि

एक अकीदतमंद ने कहा, “आज के दिन हज़रत अली का पूरा परिवार सच और ईमान को बचाने के लिए शहीद हो गया था। करबला की यह कुर्बानी इस्लाम को जिंदा रखने वाली मिसाल है।”

शांति और सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम

जुलूस के दौरान प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रहा। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने भी मोर्चा संभाला।