लोहाघाट में चला विशेष स्वच्छता अभियान, पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा ने स्वयं संभाली कमान

लोहाघाट में चला विशेष स्वच्छता अभियान, पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा ने स्वयं संभाली कमान

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
रिपोर्ट : लक्ष्मण बिष्ट

लोहाघाट नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा के नेतृत्व में विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान की शुरुआत लोहाघाट उप-जिला चिकित्सालय परिसर से की गई, जहां खुद पालिकाध्यक्ष ने हाथ में झाड़ू लेकर अभियान की अगुवाई की।

अभियान में स्वास्थ्यकर्मी, वार्ड सभासद, पर्यावरण मित्रों समेत स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अस्पताल परिसर की बंद पड़ी नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई और रास्तों की सफाई की गई।

पालिकाध्यक्ष ने दिया स्वच्छता का संदेश

पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने कहा, “नगर को साफ-सुथरा रखना हर नगरवासी का कर्तव्य है, और खासतौर पर अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थानों की स्वच्छता सर्वोपरि होनी चाहिए।” उन्होंने यह भी बताया कि नगर पालिका के द्वारा घर-घर कूड़ा संग्रहण वाहन के माध्यम से नियमित रूप से कूड़ा निस्तारण किया जा रहा है।

जनता से की सहयोग की अपील

पालिका अध्यक्ष ने नगरवासियों से अपील की कि वे कूड़ा केवल निर्धारित कूड़ा वाहनों में ही डालें, और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नगर पालिका अब सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है।