

रिपोर्टर : संजय जोशी
स्थान : रानीखेत


भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने सोमवार को महान राष्ट्रभक्त, विचारक और जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रदेश विभाग प्रभारी अनिल शाही मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।



कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। अनिल शाही ने अपने संबोधन में कहा, “डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी युगपुरुष थे, जिन्होंने भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता के लिए अपने प्राण तक न्यौछावर कर दिए। वह न केवल एक महान राजनेता, बल्कि शिक्षाविद, समाज सुधारक और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रबल प्रवक्ता भी थे।”



उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन आज की पीढ़ी के लिए एक प्रेरणा है, जो राष्ट्रभक्ति, सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्धता और निस्वार्थ जनसेवा का आदर्श प्रस्तुत करता है।



“एक देश, एक विधान” की भावना को किया याद
भाजपा जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने “एक देश, एक विधान” के सिद्धांत को आगे बढ़ाया और युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा, “डॉ. मुखर्जी का जीवन संघर्ष, त्याग और निष्ठा से भरा रहा है। हमें उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए।”

पंचायत चुनाव पर हुई रणनीतिक चर्चा


कार्यक्रम के उपरांत आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने चुनावी रणनीति पर चर्चा की और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर बल दिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा के जिला और मंडल स्तरीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा मोर्चा के सदस्य और महिला मोर्चा की कार्यकर्ताएं मौजूद रहीं।


