मोहर्रम पर निकला ताजियों का भव्य जुलूस, तलवारबाज़ी और लंगर बने आकर्षण का केंद्र

मोहर्रम पर निकला ताजियों का भव्य जुलूस, तलवारबाज़ी और लंगर बने आकर्षण का केंद्र

लोकेशन :- लालकुआँ
रिपोर्टर :- मुन्ना अंसारी

मुस्लिम समुदाय ने इस वर्ष मोहर्रम के पवित्र अवसर पर इमाम हसन और हुसैन की शहादत की याद में ताजियों का भव्य जुलूस निकाला। जुलूस की शुरुआत लाइन पार संजय नगर से हुई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ मुख्य चौराहे पर पहुंचा और अंत में करबला में ताजियों को सुपुर्द-ए-ख़ाक कर सम्पन्न हुआ।

जुलूस में शामिल ताजियादारों ने ढ़ोल-नगाड़ों की गूंज के साथ अद्भुत करतब प्रस्तुत किए, जिनमें तलवारबाज़ी और लाठी डांस सबसे बड़ा आकर्षण रहे। युवाओं द्वारा दिखाए गए इन हैरतअंगेज़ करतबों को देखने के लिए राहगीरों और स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

जुलूस के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर अकीदतमंदों ने लंगर का आयोजन कर सबीलें लगाईं, जिसमें आने-जाने वाले लोगों को शरबत, पानी और खाने-पीने की चीज़ें वितरित की गईं। यह आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण और भाईचारे की मिसाल बना रहा।

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

मोहर्रम के इस बड़े आयोजन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पुलिस बल, ट्रैफिक पुलिस और अग्निशमन दल को जगह-जगह तैनात किया गया, जिससे जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रही और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार रहा।

नगरवासियों ने प्रशासन और समुदाय के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना की और कहा कि मोहर्रम सिर्फ ग़म का नहीं, बल्कि इंसानियत, बलिदान और एकता का प्रतीक भी है।