

टॉप: रामनगर

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज कार्बेट नेशनल पार्क में जंगल सफारी की।




इस दौरान उन्होंने वन्यजीवन की अद्भुत और रोमांचकारी झलक देखी, जो जैव विविधता से भरपूर इस क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता का सजीव उदाहरण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अनुभव प्रकृति की अनमोल विरासत से जुड़ने का एक सुनहरा अवसर है।



मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी सरकार के निरंतर प्रयासों से उत्तराखंड में जंगल सफारी पर्यटन को नई पहचान मिली है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां आ रहे हैं, जिससे राज्य की पर्यटन अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। साथ ही, स्थानीय लोगों के लिए स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर भी खुल रहे हैं।



इस मौके पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वन विभाग की टीम, स्थानीय समुदाय और पर्यावरण प्रेमियों ने मिलकर 1000 से अधिक पेड़ लगाए।


मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल पेड़ लगाने की क्रिया नहीं है, बल्कि प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने वन विभाग की टीम से भेंट कर उनके समर्पित कार्यों की सराहना की, जो वनों और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्धता के साथ लगे हुए हैं।


कार्बेट नेशनल पार्क में मुख्यमंत्री की यह यात्रा पर्यावरण संरक्षण एवं पर्यटन विकास के लिए एक सकारात्मक संदेश लेकर आई है।



