

स्थान गदरपुर
रिपोर्टर महेंद्र पाल सिंह

गदरपुर के मुख्य बाजार में शनिवार को ड्रग विभाग की टीम ने सीनियर ड्रग इंस्पेक्टर डॉक्टर नीरज के नेतृत्व में छापेमारी की। इस दौरान कई मेडिकल स्टोर्स की जांच की गई, साथ ही एक निजी डॉक्टर के क्लिनिक पर पहुंचकर सभी प्रमाणपत्रों और दस्तावेजों की भी गहनता से जांच की गई।



डॉ. नीरज ने बताया कि यह कार्रवाई जिलाधिकारी के निर्देश पर की जा रही है, जिसके तहत 9 सदस्यों की एक विशेष टीम गठित की गई है। उन्होंने कहा, “स्थानीय पुलिस के सहयोग से यह अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।”




हालांकि, इस छापेमारी को लेकर स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी देखने को मिली। गदरपुर व्यापार मंडल अध्यक्ष दीपक बेहड़ ने इस कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए कहा, “कोरोना काल में जिन डॉक्टरों ने अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों की सेवा की, आज उन्हीं को प्रशासन द्वारा निशाना बनाया जा रहा है।


मेडिकल स्टोर और डॉक्टरों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और हम इस मामले को प्रदेश स्तर तक उठाएंगे।”

व्यापारियों का कहना है कि प्रशासन को यदि अनियमितताएं दिखती हैं तो कानूनी कार्यवाही होनी चाहिए, लेकिन सभी मेडिकल व्यवसायियों को शक की निगाह से देखना उचित नहीं है।

फिलहाल ड्रग विभाग की टीम ने कुछ दस्तावेज कब्जे में लिए हैं और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



