

रिपोर्टर नाम-: आसिफ इक़बाल

लोकेशन-: रामनगर

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार शाम रामनगर ग्राम सांवल्देव स्थित अस्थायी हेलीपैड पहुंचे, जहां उन्होंने कैलाश मानसरोवर यात्रा के शुभारंभ की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यात्रा की शुरुआत टनकपुर से हो चुकी है और आज स्वयं उन्होंने पहले जत्थे को रवाना कर उनका स्वागत किया।



मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि धार्मिक दृष्टिकोण से यह यात्रा अत्यंत महत्वपूर्ण है और सरकार द्वारा यात्रियों की सुरक्षा हेतु पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि समस्त प्रशासनिक अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।



मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश में मानसून सीजन की शुरुआत हो चुकी है, जिसको देखते हुए आपदा प्रबंधन को लेकर कई उच्चस्तरीय बैठकें की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने या जल भराव की स्थिति उत्पन्न होने पर अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कदम उठाएं।



इसके साथ ही मुख्यमंत्री धामी ने कार्बेट नेशनल पार्क के ढेला स्थित रेस्क्यू सेंटर का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि कॉर्बेट पार्क उत्तराखंड की पहचान है और इसे संरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने रेस्क्यू सेंटर को और बेहतर बनाने हेतु सभी जरूरी प्रयास किए जाने की बात कही।


मुख्यमंत्री धामी शनिवार की रात रामनगर में ही विश्राम करेंगे तथा रविवार की सुबह ढेला पर्यटन जोन में सफारी भ्रमण कर वहां की जैव विविधता और प्राकृतिक सौंदर्य का अवलोकन करेंगे। इसके पश्चात वे देहरादून के लिए रवाना होंगे।


उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान उत्तराखंड में पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। चारधाम यात्रा, कैलाश मानसरोवर यात्रा और कॉर्बेट भ्रमण के लिए पर्यटकों का रुझान प्रदेश के पर्यटन विकास को गति दे रहा है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पर्यटकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


