बड़कोट के सिलाई बैंड भूस्खलन में राहत और बचाव अभियान तीसरे दिन भी जारी, अब तक 20 मजदूर सुरक्षित, 7 की तलाश जारी

बड़कोट के सिलाई बैंड भूस्खलन में राहत और बचाव अभियान तीसरे दिन भी जारी, अब तक 20 मजदूर सुरक्षित, 7 की तलाश जारी

रिपोर्ट -दीपक नौटियाल

उत्तरकाशी

तहसील बड़कोट अंतर्गत सिलाई बैंड के पास रविवार को हुए भूस्खलन में लापता मजदूरों की खोज एवं बचाव अभियान तीसरे दिन भी युद्धस्तर पर जारी है। मौके पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने स्वयं पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की और मौके पर उपस्थित सभी एजेंसियों को तेजी और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

अब तक 20 मजदूर सुरक्षित, 2 की मौत, 7 अब भी लापता

घटना में कुल 29 मजदूर प्रभावित हुए थे। इनमें से 20 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि 2 मजदूरों की मृत्यु की पुष्टि हुई है। 7 मजदूरों की तलाश अब भी जारी है। रेस्क्यू अभियान में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें लगातार जुटी हुई हैं।

NH बहाली के निर्देश, वैकल्पिक मार्ग भी तैयार

जिलाधिकारी ने एनएच विभाग को आज शाम तक सिलाई बैंड तक यातायात बहाल करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में तीन स्थानों पर सड़क के वाशआउट होने से यातायात बाधित हुआ है, लेकिन पोकलैंड, जेसीबी व अन्य उपकरणों की मदद से कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

इसके साथ ही ओजरी क्षेत्र में वैकल्पिक पैदल मार्ग तैयार करने के लिए आईटीबीपी और वन विभाग को निर्देश दिए गए हैं, जिससे राहत दल और स्थानीय लोगों का आना-जाना सुचारु रूप से हो सके।

मौसम बना चुनौती, फिर भी राहत कार्यों में कोई कमी नहीं

लगातार बारिश और मलबे के साथ बोल्डरों के पुनः गिरने से राहत कार्यों में बाधा आ रही है, लेकिन संबंधित विभाग अवरोधों के बावजूद पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि मौसम अनुकूल रहा तो आज शाम तक वाहनों की आवाजाही आंशिक रूप से बहाल हो सकती है।

प्रभावित परिवारों को मिलेगा हरसंभव सहयोग

जिलाधिकारी ने कहा कि लापता व्यक्तियों की खोज में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता दी जाएगी। साथ ही मौके पर तैनात सभी अधिकारियों और बचाव दलों को पूर्ण सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।