रिवर्स पलायन को लेकर सरकार कर रही ठोस प्रयास: ग्राम्य विकास विभाग के अपर आयुक्त भरत चंद्र भट्ट

रिवर्स पलायन को लेकर सरकार कर रही ठोस प्रयास: ग्राम्य विकास विभाग के अपर आयुक्त भरत चंद्र भट्ट

रिपोर्ट भगवान‌ सिंह

देवप्रयाग

जनपद के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के भ्रमण के दौरान ग्राम्य विकास विभाग के अपर आयुक्त भरत चंद्र भट्ट ने विकासखंड कार्यालय कीर्तिनगर पहुंचकर ग्रामीणों, विभागीय अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की।

इस दौरान उन्होंने प्रदेश के पलायन प्रभावित गांवों में रिवर्स पलायन को लेकर सरकार की योजनाओं की समीक्षा की और कई महत्वपूर्ण निर्देश भी जारी किए।

रिवर्स पलायन बना आजीविका का साधन

अपर आयुक्त ने कहा कि सरकार पलायन की समस्या को लेकर गंभीर है और गांवों में लौटे प्रवासियों को स्थायी आजीविका उपलब्ध कराने के लिए ठोस योजनाएं लागू की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि खोंगचा और पांडव जैसे पलायन प्रभावित गांवों का निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया।

स्वरोजगार को मिलेगा बढ़ावा

भरत चंद्र भट्ट ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अंतर्गत बागवानी, सब्जी उत्पादन, दुग्ध उत्पादन, मौन पालन जैसे क्षेत्रों में ग्रामीणों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रशिक्षण देने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

जंगली जानवरों से खेती की सुरक्षा

कृषि और बागवानी को जंगली जानवरों से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए चैनल फेंसिंग और कवि की खेती के लिए एंगल लगाने जैसे उपायों पर जोर दिया गया। उन्होंने विभागीय कार्मिकों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों की मांगों को प्राथमिकता पर लेते हुए समुचित सहायता उपलब्ध कराई जाए

रिवर्स पलायन को मिलेगी नई दिशा

उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि गांवों को दोबारा बसाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम हैं। रिवर्स पलायन कर लौटे लोगों को सशक्त बनाकर उन्हें अन्य प्रवासियों के लिए प्रेरणा बनने का अवसर दिया जा रहा है।