


ज्योतिर्मठ

हेमकुंड साहिब की तीर्थ यात्रा पर आए कुछ सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच सोमवार को ज्योतिर्मठ मुख्य बाजार में ट्रैफिक जाम को लेकर कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला विवाद और गिरफ्तारियों तक पहुँच गया। घटना ने देखते ही देखते तूल पकड़ लिया, जिसके बाद ज्योतिर्मठ व्यापार संघ ने स्थानीय थाना पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैफिक जाम की स्थिति में कुछ सिख श्रद्धालु आक्रामक हो गए और अशोभनीय व्यवहार करने लगे। जब पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की, तो विवाद और भी बढ़ गया। मौके पर तैनात पुलिस बल ने उपद्रव फैलाने वाले श्रद्धालुओं को थाने के पास से हिरासत में लिया।



थाना जोशीमठ पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उपद्रवी यात्रियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपितों को शीघ्र ही न्यायालय में पेश किया जाएगा।


स्थानीय व्यापारियों और निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि तीर्थ यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त निगरानी और नियंत्रण रखा जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो


पृष्ठभूमि:
हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड के पर्वतीय मार्गों से गुजरते हैं। ऐसे में यातायात और शांति व्यवस्था बनाए रखना स्थानीय प्रशासन के लिए चुनौती बन जाता है।


प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।



