लक्सर के जैनपुर में बीकेयू तोमर की सभा, 2 जुलाई को मुज़फ्फरनगर SSP कार्यालय पर महापंचायत का ऐलान

लक्सर के जैनपुर में बीकेयू तोमर की सभा, 2 जुलाई को मुज़फ्फरनगर SSP कार्यालय पर महापंचायत का ऐलान

रिपोर्टर गोविन्द चौधरी
लक्सर (उत्तराखंड)

भारतीय किसान यूनियन (तोमर गुट) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने मंगलवार को जैनपुर, लक्सर में एक किसान सभा को संबोधित करते हुए 2 जुलाई 2025 को मुज़फ्फरनगर SSP कार्यालय पर महापंचायत आयोजित करने का ऐलान किया। सभा में संगठन के कई पदाधिकारी और स्थानीय किसान बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

सभा को संबोधित करते हुए संजीव तोमर ने आरोप लगाया कि 19 जून 2025 को नई मंडी, मुज़फ्फरनगर में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी भ्रष्टाचार के खिलाफ शांतिपूर्वक धरना प्रदर्शन कर रहे थे, तभी थाना अध्यक्ष नई मंडी द्वारा धरने में मौजूद महिलाओं और किसानों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और निहत्थे किसानों पर लाठीचार्ज करवाया गया।

उन्होंने दावा किया कि इस लाठीचार्ज में कई किसान घायल हुए और एक किसान की आंख तक फोड़ दी गई। इसी घटना के विरोध में महापंचायत का आह्वान किया गया है।

सभा के दौरान संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी परविंदर चौधरी ने कहा कि, “राष्ट्रीय अध्यक्ष को हमारा पूर्ण समर्थन है और लक्सर क्षेत्र से बड़ी संख्या में किसान बसों में भरकर मुज़फ्फरनगर पहुंचेंगे।”

उन्होंने यह भी कहा कि जब तक पीड़ित किसानों को न्याय नहीं मिलेगा और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा।

प्रशासन के लिए चेतावनी:
बीकेयू (तोमर) की इस महापंचायत को लेकर प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस-प्रशासन को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत पड़ेगी। संगठन ने साफ कहा है कि महापंचायत पूरी तरह शांतिपूर्ण होगी, लेकिन अगर किसानों की आवाज को दबाया गया तो आंदोलन और व्यापक रूप ले सकता है।