


स्थान- खटीमा जिला उधम सिंह नगर

रिपोर्ट- अशोक सरकार

जिले के सीमांत विधानसभा क्षेत्र खटीमा में बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन को लेकर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने सोमवार को सघन स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेलाघाट, सिसईयां और जंगलजोठी ठेर की बाढ़ चौकियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।



जिलाधिकारी ने बाढ़ चौकियों पर 24 घंटे कार्मिकों की तैनाती, बाहरी क्षेत्र में दूरभाष नंबर सहित होर्डिंग लगाने, और नदी-नालों के जलस्तर पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में जानकारी तत्काल तहसील व जिला कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराई जाए।




इसके साथ ही जिलाधिकारी ने हर बाढ़ चौकी के सुदृढ़ीकरण और आवश्यक संसाधनों के लिए ₹2-2 लाख रुपये की धनराशि शीघ्र जारी करने के निर्देश आपदा प्रबंधन अधिकारियों को दिए। उपजिलाधिकारी को समय-समय पर बाढ़ चौकियों का निरीक्षण करने के लिए भी निर्देशित किया गया।

बाढ़ चौकियों के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने नगला तराई स्थित शारदा नहर के तटबंध का निरीक्षण किया, जो पिछले वर्ष अतिवृष्टि के कारण क्षतिग्रस्त हो गया था। सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ स्थल पर पहुंचकर उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी समस्या की स्थिति में एसडीएम खटीमा से समन्वय बनाकर समाधान सुनिश्चित करने को कहा।


निरीक्षण के दौरान मेलाघाट के जगपूड़ा नहर के तटबंध की स्थिति का भी आकलन किया गया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र, उपजिलाधिकारी तुषार सैनी, सिंचाई विभाग, पीडब्ल्यूडी, और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।


जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी आपदा की स्थिति से निपटने के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।


