रामनगर: संदिग्ध हालात में प्रॉपर्टी डीलर का शव मिलने से सनसनी, परिजनों में मचा कोहराम

रामनगर: संदिग्ध हालात में प्रॉपर्टी डीलर का शव मिलने से सनसनी, परिजनों में मचा कोहराम

रामनगर
रिपोर्टर.. अकरम चौधरी

रामनगर क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक प्रॉपर्टी डीलर का शव घर से कुछ दूरी पर संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं परिजनों में कोहराम मच गया है।

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए कोतवाली रामनगर के वरिष्ठ उप निरीक्षक मोहम्मद यूनुस ने बताया कि मृतक की पहचान 54 वर्षीय आनंद सिंह नेगी, निवासी ग्राम देवीपुर मूलिया बसई के रूप में हुई है। गुरुवार सुबह वह अपने घर से निकले थे, जिसके बाद वह लापता हो गए।

कुछ घंटे बाद उनका शव एक दूध डेयरी के पास संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

प्रथम दृष्टया करंट से मौत की आशंका

वरिष्ठ उप निरीक्षक यूनुस ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि मृतक की मौत बिजली का करंट लगने से हुई है। हालांकि, अंतिम निर्णय पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही लिया जाएगा।

पुलिस कर रही जांच

फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह दुर्घटना है या इसके पीछे कोई और कारण छिपा हुआ है।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग भी मौत के कारणों को लेकर असमंजस में हैं। परिजन मृतक के अचानक यूं चले जाने से सदमे में हैं।

पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी और यदि कोई संदिग्ध पहलू सामने आता है तो उस दिशा में कानूनी कदम उठाए जाएंगे