देहरादून: सहस्त्रधारा रोड पर 110 पोल और 220 नई स्ट्रीट लाइट्स का मेयर ने किया उद्घाटन

देहरादून: सहस्त्रधारा रोड पर 110 पोल और 220 नई स्ट्रीट लाइट्स का मेयर ने किया उद्घाटन

देहरादून

देहरादून नगर निगम द्वारा शहर में सड़क सुरक्षा और रात्रिकालीन सुविधा को बेहतर बनाने के उद्देश्य से स्ट्रीट लाइट लगाने का अभियान तेज़ी से जारी है।

इसी क्रम में सहस्त्रधारा रोड क्षेत्र में 110 स्ट्रीट लाइट पोल और 220 एलईडी लाइट्स लगाए गए हैं। शुक्रवार को देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल ने इन नई स्ट्रीट लाइट्स का उद्घाटन किया।

रात्रिकालीन हादसों को रोकने की पहल

मेयर सौरभ थपलियाल ने इस अवसर पर कहा कि,

“सहस्त्रधारा रोड पर सड़क निर्माण के बाद वहां वाहनों की रफ्तार बढ़ गई है। ऐसे में रात के समय अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी, जिसे ध्यान में रखते हुए प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है।”

उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा 110 स्ट्रीट लाइट पोल पर 220 एलईडी लाइट्स लगाई गई हैं, जिससे रात के समय भी सड़क पूरी तरह रोशन रहेगी और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा।

विद्युत विभाग को दिए निर्देश

मेयर ने साथ ही जानकारी दी कि विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को यह निर्देश दिए गए हैं कि वे समय-समय पर क्षेत्र का मुआयना करें, और जहां भी लाइट्स खराब या अनुपयोगी हों, उसकी सूचना नगर निगम को दें ताकि त्वरित सुधार कार्य किया जा सके।

नागरिकों से सहयोग की अपील

मेयर ने स्थानीय नागरिकों से भी अपील की कि वे सड़क और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग करें, और किसी भी समस्या की सूचना नगर निगम को दें।