हरिद्वार: गंगा घाटों पर स्टंट और लापरवाही करने वालों पर अब होगी सख्त कार्रवाई

हरिद्वार: गंगा घाटों पर स्टंट और लापरवाही करने वालों पर अब होगी सख्त कार्रवाई

टॉप – हरिद्वार
संवाददाता – मनोज कश्यप

गंगा घाटों पर स्टंट करने और गहरे पानी में नहाकर जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। हर की पैड़ी सहित प्रमुख गंगा घाटों पर चेतावनी से भरे फ्लेक्स बोर्ड लगाए गए हैं, जिनमें साफ तौर पर गहरे पानी में न उतरने और स्टंट न करने की चेतावनी दी गई है।

इसके साथ ही गंगा घाटों पर जल पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं, जो लगातार श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित आचरण के प्रति जागरूक कर रहे हैं।

लापरवाही पर होगी कानूनी कार्रवाई

एसपी सिटी पंकज गैरोला ने कहा कि, “जो लोग चेतावनी के बावजूद गहरे पानी में उतरते हुए या स्टंट करते हुए पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह कदम लोगों की जान की सुरक्षा और गंगा घाटों पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए उठाया गया है।”

भारी भीड़ और सावधानी जरूरी

गौरतलब है कि कांवड़ यात्रा और गर्मी के मौसम में गंगा स्नान के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं। कई बार लापरवाही और जोखिमपूर्ण व्यवहार के चलते हादसे हो जाते हैं, जिनसे बचाव के लिए यह पहल की गई है।

पुलिस प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे निर्देशों का पालन करें, गहरे पानी में न उतरें और स्टंट जैसी गतिविधियों से बचें, ताकि उनकी यात्रा सुरक्षित और शांतिपूर्ण रहे।