लक्सर में कांवड़ यात्रा से पहले प्रशासन का बड़ा एक्शन: ओवरलोड वाहनों पर चला चेकिंग अभियान, 50 से अधिक चालान, कई वाहन सीज

लक्सर में कांवड़ यात्रा से पहले प्रशासन का बड़ा एक्शन: ओवरलोड वाहनों पर चला चेकिंग अभियान, 50 से अधिक चालान, कई वाहन सीज

टॉप – हरिद्वार
संवाददाता – मनोज कश्यप

कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लक्सर प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने आज एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया।

हरिद्वार और रुड़की आरटीओ टीम के साथ लक्सर तहसीलदार और लक्सर पुलिस ने ओवरलोडिंग और वाहनों की फिटनेस की सघन जांच की। इस दौरान 50 से अधिक वाहनों के चालान काटे गए और कई वाहन सीज भी किए गए।

चालकों में मचा हड़कंप

अभियान के दौरान अचानक हुई चेकिंग से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। टीम ने हाईवे और प्रमुख मार्गों पर वाहनों को रोककर कागजात, फिटनेस और ओवरलोडिंग की जांच की।

नियमों की अनदेखी नहीं होगी बर्दाश्त

आरटीओ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा, “कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। ओवरलोड वाहन न सिर्फ कानून का उल्लंघन करते हैं, बल्कि यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए खतरा भी बन सकते हैं। ऐसे में नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अनिवार्य है।”

हर मोर्चे पर प्रशासन सतर्क

तहसील प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग की टीम हर मोड़ पर सतर्क और मुस्तैद है। यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

प्रशासन की इस कार्यवाही से यह साफ संकेत गया है कि इस बार कांवड़ यात्रा को लेकर शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई गई है और कानून का उल्लंघन करने वालों के लिए कोई रियायत नहीं होगी।