


लोकेशन- रूड़की
संवाद्दाता- प्रिंस शर्मा

देह व्यापार के बाद अब सट्टे और कैसिनो के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा करते हुए गंगनहर कोतवाली पुलिस ने बुधवार रात रामपुर चुंगी स्थित होटल राजमहल में छापेमारी कर 32 लोगों को हिरासत में लिया। पकड़े गए लोगों में 8 महिलाएं और 24 पुरुष शामिल हैं। छापेमारी के दौरान ₹2,74,000 की नकदी और 1900 कैसिनो कॉइन भी बरामद किए गए।



सीएम के निर्देश के बाद हुई कार्रवाई
बीते दिन रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से देहरादून में मुलाकात कर रुड़की व आसपास के होटलों में चल रहे अवैध गतिविधियों पर कड़ा संज्ञान लेने की मांग की थी। मुख्यमंत्री ने इस पर जिलाधिकारी और एसएसपी को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में यह बड़ी कार्रवाई सामने आई है।




कैसिनो खेल रहे लोगों में मचा हड़कंप
गंगनहर कोतवाली पुलिस द्वारा की गई छापेमारी के दौरान होटल के अंदर कैसिनो चल रहा था। पुलिस को देखकर मौके पर भगदड़ मच गई। चारों ओर से की गई घेराबंदी के चलते कोई भाग नहीं पाया और सभी को मौके से हिरासत में ले लिया गया।



होटल स्वामी व संचालकों की तलाश जारी
पुलिस ने होटल राजमहल को सील कर दिया है और अवैध धंधे में लिप्त होटल मालिकों की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, होटल के दो संचालक हैं – एक रामपुर का निवासी है और दूसरा रुड़की अनाज मंडी का कारोबारी बताया जा रहा है। वहीं, इस कैसिनो रैकेट में एक पूर्व सभासद की संलिप्तता की भी बात सामने आ रही है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।


एसएसपी ने दी जानकारी
हरिद्वार एसएसपी परमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि होटल राजमहल में अवैध रूप से जुआ खेला जा रहा है। छापेमारी में 8 महिलाओं समेत कुल 32 लोगों को हिरासत में लिया गया है। मौके से नकदी और कैसिनो कॉइन बरामद हुए हैं। होटल को सील कर दिया गया है और होटल स्वामी व मुख्य संचालकों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।



नगर में बनी चर्चा का विषय
इस कार्रवाई के बाद से नगर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। एक ओर जहां आमजन इस कार्रवाई को सराहनीय बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर यह सवाल भी उठ रहे हैं कि ऐसे अवैध कारोबार इतने लंबे समय से चल कैसे रहे थे। पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है और जल्द ही और भी खुलासे हो सकते हैं।



