


रिपोर्टर पंकज सक्सेना

फील्ड-हल्द्वानी

शहर में बुधवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। किच्छा निवासी एक ही परिवार के सात लोग, जो कि सुशीला तिवारी अस्पताल से डिस्चार्ज होकर वापस लौट रहे थे, अचानक उनकी कार अनियंत्रित होकर पास की नहर में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें दो दिन का नवजात शिशु भी शामिल है। जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार एक फायर ब्रिगेड वाहन के पीछे चल रही थी, और अचानक सामने आए वाहन को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बह रही नहर में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस और रेस्क्यू टीम ने घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां ड्राइवर की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे ICU में रखा गया है।




प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
स्थानीय लोगों और परिजनों का आरोप है कि जिस जगह यह हादसा हुआ, वहां न सड़क किनारे कोई बैरिकेडिंग थी और न ही चेतावनी संकेत, जिससे यह दुर्घटना हुई। लोगों ने प्रशासन पर सीधी लापरवाही का आरोप लगाया है। हादसे के बाद क्षेत्र में गम और आक्रोश का माहौल है।



चार दिन पहले आया था परिवार अस्पताल

मृतकों का परिवार चार दिन पूर्व अपनी गर्भवती महिला को लेकर सुशीला तिवारी अस्पताल आया था। दो दिन पहले ही नवजात का जन्म हुआ था और बुधवार सुबह सभी लोग अस्पताल से डिस्चार्ज होकर खुशी-खुशी घर लौट रहे थे। किसे पता था कि यह सफर अंतिम साबित होगा।


मृतकों की शिनाख्त जारी
पुलिस ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त की जा रही है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि हादसे के कारणों की पूरी जानकारी सामने आ सके।

शहर में शोक की लहर
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे हल्द्वानी शहर और किच्छा क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजन अस्पताल में रो-रोकर बेसुध हैं। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।


