


उत्तरकाशी

उत्तराखंड के यमुनोत्री धाम की यात्रा के दौरान एक बड़ा हादसा सामने आया है। कल 23 जून की शाम, भैरव मंदिर के निकट नौ कैंची पैदल मार्ग पर भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की चपेट में आकर कई श्रद्धालु फंस गए। प्रशासन द्वारा देर रात तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में एक घायल को सुरक्षित निकाला गया, जबकि दो श्रद्धालुओं के शव बरामद किए गए हैं। अब भी दो श्रद्धालु लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन आज सुबह दोबारा शुरू किया गया।



मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक
उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत कुमार आर्य और पुलिस अधीक्षक सरिता डोबाल ने घटना स्थल का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्य की समीक्षा की और रेस्क्यू टीमों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। मौके पर पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, फायर सर्विस और अन्य आपदा प्रबंधन दल तैनात हैं।



अब तक की स्थिति:
घायल:

- रशिक (60 वर्ष), पुत्र श्री बसराम, निवासी मुंबई, महाराष्ट्र


मृतक:
- हरिशंकर (47 वर्ष), पुत्र ओमप्रकाश, निवासी जौनपुर, उत्तर प्रदेश
- कु. ख्याति (9 वर्ष), पुत्री हरिशंकर, निवासी जौनपुर, उत्तर प्रदेश


लापता:

- कमलेश जेठवा (35 वर्ष), पुत्र कांतिबाई, निवासी मुंबई, महाराष्ट्र
- कु. भविका शर्मा (11 वर्ष), पुत्री जय शर्मा, निवासी बी-58, कृष्ण विहार, नई दिल्ली


प्रशासन की अपील
जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और भारी बारिश व भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। साथ ही, आपदा के समय अफवाहों से बचने और प्रमाणित सूचना पर ही विश्वास करने की अपील की गई है।



