उत्तराखंड की फार्मा कंपनियों पर सवाल, सीडीएसओ की रिपोर्ट में दर्जनों दवाएं फेल

उत्तराखंड की फार्मा कंपनियों पर सवाल, सीडीएसओ की रिपोर्ट में दर्जनों दवाएं फेल

हरिद्वार

उत्तराखंड के औद्योगिक क्षेत्रों, विशेषकर हरिद्वार और देहरादून में संचालित फार्मा कंपनियों की गुणवत्ता पर एक बार फिर सवालिया निशान लग गया है।

केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) की ताज़ा रिपोर्ट में सामने आया है कि इन जिलों में स्थित कई दवा कंपनियों की दवाएं गुणवत्ता मानकों पर खरा नहीं उतरीं।

गौरतलब है कि इन दवाओं के सैंपल देश के विभिन्न राज्यों से एकत्र किए गए थे और जांच के लिए सेंट्रल ड्रग लैबोरेट्री को भेजे गए थे। जांच में पाया गया कि कई दवाएं निर्धारित औषधीय मानकों को पूरा नहीं कर पा रही हैं।

इसके आधार पर सीडीएसओ हर महीने फेल सैंपल की रिपोर्ट प्रकाशित करता है, और इस बार उत्तराखंड की फार्मा कंपनियों का नाम एक बार फिर प्रमुखता से सामने आया है।

सूत्रों के अनुसार, हरिद्वार और देहरादून में दर्जनों ऐसी फार्मा इकाइयां हैं जिनकी दवाएं परीक्षण में फेल हुई हैं।

यह रिपोर्ट ना केवल राज्य की फार्मा इंडस्ट्री की साख को प्रभावित कर सकती है, बल्कि जन स्वास्थ्य की दृष्टि से भी गंभीर चिंता का विषय है।