ऋषिकेश: संदिग्ध हालात में लापता युवक की स्कूटी और चप्पल नहर किनारे मिलीं, SDRF चला रही सर्च ऑपरेशन

ऋषिकेश: संदिग्ध हालात में लापता युवक की स्कूटी और चप्पल नहर किनारे मिलीं, SDRF चला रही सर्च ऑपरेशन

लोकेशन – ऋषिकेश

संवाददाता- सागर रस्तोगी

ऋषिकेश के आईडीपीएल चौकी क्षेत्र अंतर्गत 21 जून को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए युवक का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। हालांकि, युवक की स्कूटी और चप्पल कुनाऊं गांव की पुलिया के पास बरामद हुई हैं, जिससे परिजन उसकी चीला शक्ति नहर में डूबने की आशंका जता रहे हैं।

लापता युवक की पहचान मुकेश कुमार छाबड़ा के रूप में हुई है। परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिवादन बल) की टीम ने शक्ति नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

हालांकि, नहर में गंगा का बहाव अत्यधिक तेज होने के कारण टीम को ऑपरेशन चलाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

एसडीआरएफ इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण ने जानकारी दी कि लापता युवक के परिजन भी मौके पर मौजूद हैं। टीम लगातार राफ्ट के जरिए सर्च ऑपरेशन चला रही है। इसके अलावा गोताखोरों की मदद से नहर की गहराई में भी तलाश की जा रही है।

फिलहाल युवक का कोई पता नहीं चल पाया है, लेकिन रेस्क्यू अभियान जारी है। SDRF ने बताया कि जैसे ही बहाव में कुछ कमी आएगी, सर्च को और तेज किया जाएगा।

स्थानीय लोगों और परिजनों की आंखें अब प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। घटना ने क्षेत्र में चिंता और दुख का माहौल बना दिया है।