हल्द्वानी: रकसिया नाले पर अतिक्रमण करने वालों पर चला प्रशासन का बुलडोज़र

हल्द्वानी: रकसिया नाले पर अतिक्रमण करने वालों पर चला प्रशासन का बुलडोज़र

हल्द्वानी

मानसून पूर्व तैयारियों के तहत हल्द्वानी नगर निगम और प्रशासन द्वारा दमुवादूंगा क्षेत्र में स्थित रकसिया नाले के चैनलाइजेशन कार्य का संयुक्त निरीक्षण किया गया। नगर आयुक्त ऋचा सिंह और उपजिलाधिकारी राहुल शाह ने क्षेत्र का दौरा करते हुए नाले की प्राकृतिक धारा को पुनर्स्थापित करने और जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से चल रहे कार्यों का जायज़ा लिया।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि शिव मंदिर के ऊपरी प्रवाह (upstream) क्षेत्र में नाले की भूमि पर एक नया अतिक्रमण और निर्माण कार्य चल रहा था, जिसे पूर्व में नगर निगम द्वारा चेतावनी दिए जाने के बावजूद जारी रखा गया था। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण और सोक पिट को मौके पर ध्वस्त कर दिया गया। साथ ही अधिकारियों को तीन दिन के भीतर शेष अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।

जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि निर्माण कराने वाला व्यक्ति उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले का निवासी है, जिसने स्टाम्प पेपर पर नाले की सरकारी भूमि को अवैध रूप से खरीदा। मौके से यूपी का पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। प्रशासन को यह मामला गंभीर भूमि धोखाधड़ी का प्रतीत हुआ है।

उपजिलाधिकारी राहुल शाह ने तहसीलदार हल्द्वानी को निर्देश दिए हैं कि दमुवादूंगा क्षेत्र सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी नाले व सरकारी भूमि पर हुए सभी अतिक्रमणों की जांच की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कहीं अन्यत्र भी फर्जी रजिस्ट्री या अवैध बिक्री तो नहीं की गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नाले की भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण, निर्माण अथवा विक्रय पूरी तरह अवैध है और इस पर “शून्य सहिष्णुता” की नीति के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में प्रशासन की सक्रियता की सराहना की जा रही है, साथ ही आम नागरिकों को चेतावनी भी दी गई है कि किसी भी स्थिति में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने की कोशिश न करें।