


हल्द्वानी

हल्द्वानी शहर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि दिनदहाड़े गोली चलने की घटनाएं होने लगी हैं। सोमवार देर शाम बिड़ला स्कूल के पास उस समय अफरातफरी मच गई जब 20 से 25 युवकों के एक झुंड ने कार सवार युवकों को घेरकर मारपीट की और गोलियां चला दीं।




गोलीकांड में हरीश सिंह मेहरा, गणेश दरम्वाल और भास्कर बोरा नामक तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। तीनों युवक घुड़दौड़ा चांदनी चौक इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने पीड़ितों की कार को भी तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया।


गोली लगने से घायलों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि अन्य दो का इलाज सुशीला तिवारी अस्पताल में चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।


वहीं हमले को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच में जुट गई है।

इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में लगी है। फिलहाल, घटना के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।



