


स्थान:लोहाघाट (चंपावत)
रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट

आज विश्वभर में मनाए जा रहे ओलंपिक दिवस के अवसर पर चंपावत जिले के लोहाघाट स्थित छमनिया स्पोर्ट्स स्टेडियम में ओलंपिक संघ और जिला खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विविध खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय युवाओं और खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।



प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश फुटबॉल संघ के उपाध्यक्ष और ओलंपिक संघ के प्रतिनिधि प्रहलाद सिंह मेहता, विशिष्ट अतिथि जिला खेल समन्वयक नरेंद्र सिंह अधिकारी और अंतर्राष्ट्रीय बॉक्सर कैप्टन आनंद सिंह मेहरा ने किया।




खेलो इंडिया साई सेंटर के कोच मोहन सिंह राणा के निर्देशन में कई एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं संपन्न हुईं, जिनमें स्थानीय खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर अतिथियों ने ओलंपिक के इतिहास और इसके मूल्यों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलों के जरिए जीवन में सफलता पाने का संदेश दिया।



प्रहलाद सिंह मेहता ने कहा कि आज सरकार खिलाड़ियों को बेहतरीन सुविधाएं प्रदान कर रही है और मेडल जीतने पर उन्हें नौकरी जैसे महत्वपूर्ण प्रोत्साहन भी दिए जा रहे हैं। कोच मोहन सिंह राणा ने खिलाड़ियों को खेल शपथ दिलाते हुए खेल भावना से खेलने और देश के लिए मेडल जीतने की प्रेरणा दी।

इसके अतिरिक्त लोहाघाट के जीआईसी खेल मैदान में खेल प्रेमी बृजेश सिंह मेहरा के निर्देशन में फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के युवाओं और पूर्व खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने एक-दूसरे को विश्व ओलंपिक दिवस की शुभकामनाएं दीं।


कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की उपस्थिति रही, जिससे क्षेत्र में खेलों के प्रति बढ़ती रुचि और जागरूकता का संकेत मिला।



