


रिपोर्टर पंकज सक्सेना
हल्द्वानी

विधायक सुमित हृदयेश ने नैनीताल रोड स्थित होटल सौरभ में आयोजित एक प्रेस वार्ता में नगर निगम क्षेत्र में अतिक्रमण के नाम पर चल रही प्रशासनिक कार्रवाई को एकपक्षीय, असंवेदनशील और जनविरोधी करार दिया।



उन्होंने आरोप लगाया कि यह अभियान गरीबों, मध्यम वर्ग और कमजोर तबकों को प्रताड़ित करने का सुनियोजित प्रयास है।



विधायक ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से प्रशासन आम नागरिकों के आशियानों पर नजरें गड़ाए हुए है, जिससे शहर में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी मुहिम का हर स्तर पर विरोध करेगी और पीड़ितों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।


इसके साथ ही, सुमित हृदयेश ने राज्य सरकार द्वारा पंचायत चुनाव अचानक रद्द किए जाने पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यह निर्णय लोकतंत्र की जड़ों पर सीधा हमला है और जनभावनाओं का घोर अपमान है। समय पर चुनाव न कराना गंभीर विषय है, जिस पर जनता को जवाब चाहिए।


हाउस टैक्स को लेकर भी विधायक ने सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने स्पष्ट घोषणा की थी कि नगर निगम में नवसम्मिलित वार्डों से कोई टैक्स नहीं लिया जाएगा इसके बावजूद अब उन क्षेत्रों के लोगों से चार वर्षों का बकाया टैक्स वसूला जा रहा है, जो अन्यायपूर्ण और भ्रामक है


प्रेस वार्ता के अंत में विधायक सुमित हृदयेश ने प्रशासन से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए एक संवेदनशील और न्यायपूर्ण रवैया अपनाने की अपील की



