रामनगर में योग दिवस की धूम, किसान इंटर कॉलेज पीरूमदारा में हुआ भव्य योग शिविर

रामनगर में योग दिवस की धूम, किसान इंटर कॉलेज पीरूमदारा में हुआ भव्य योग शिविर

रिपोटर – गोविन्द रावत

स्थान – रामनगर

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को कॉर्बेट नगरी रामनगर के विभिन्न क्षेत्रों में योग शिविरों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में किसान इंटर कॉलेज पीरूमदारा में विशेष योग शिविर आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम का संचालन योगाचार्य मोहन सिंह रावत के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने बताया कि पूरे विश्व में आज योग दिवस मनाया जा रहा है, और यह भारत की प्राचीन परंपरा की वैश्विक पहचान बन चुका है। उन्होंने कहा, “योग केवल अभ्यास नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है। आज के समय में तन और मन को स्वस्थ रखने के लिए योग अनिवार्य हो गया है।”

कार्यक्रम में आसन, प्राणायाम, सूक्ष्म व्यायाम सहित कई योग क्रियाएं कराई गईं, जिसमें बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने भाग लिया।

कार्यक्रम संयोजक इंदर रावत ने जानकारी दी कि योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन भाजपा पीरूमदारा मंडल द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि, “माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रयासों से 27 सितंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र में योग दिवस का प्रस्ताव रखा गया, जिसे 11 दिसंबर को पारित कर दिया गया। तब से हर वर्ष 21 जून को पूरी दुनिया में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है।”

उन्होंने सभी को योग दिवस की बधाई देते हुए कहा कि हर व्यक्ति को प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा योग अवश्य करना चाहिए, ताकि जीवन स्वस्थ, मस्त और निरोगी बना रहे।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनता के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी व अन्य सामाजिक संगठनों के सदस्यों की भी सक्रिय भागीदारी रही।