गदरपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मनाया गया वर्ल्ड सिकल सेल अवेयरनेस डे, लोगों को दी गई जागरूकता

गदरपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मनाया गया वर्ल्ड सिकल सेल अवेयरनेस डे, लोगों को दी गई जागरूकता

स्थान गदरपुर

समुदाय स्वास्थ्य केंद्र गदरपुर में बुधवार को वर्ल्ड सिकल सेल अवेयरनेस दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य सेल, जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान लोगों को सिकल सेल रोग के लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

इस अवसर पर जनजातीय कार्य मंत्रालय के काउंसलर कमलेश मिश्रा ने बताया कि सिकल सेल एक अनुवांशिक रोग है, जिससे सबसे अधिक प्रभावित बच्चे और किशोर होते हैं।

उन्होंने कहा कि इस बीमारी में शरीर के विभिन्न हिस्सों — विशेष रूप से छाती और जोड़ों — में तीव्र दर्द की शिकायत होती है, जिसे ‘सिकल सेल क्राइसिस’ कहा जाता है। यह रोग मुख्यतः हीमोग्लोबिन की बनावट में बदलाव के कारण होता है।

कमलेश मिश्रा ने बताया कि 19 जून को विश्व स्तर पर वर्ल्ड सिकल सेल अवेयरनेस डे मनाया जाता है, ताकि इस गंभीर बीमारी के प्रति जागरूकता फैलाई जा सके और समय रहते जांच एवं इलाज की पहल की जा सके।

कार्यक्रम में स्थानीय लोगों, स्वास्थ्यकर्मियों और स्कूली बच्चों ने भी भाग लिया। स्वास्थ्य केंद्र में सिकल सेल रोग से ग्रसित लोगों की जांच की व्यवस्था भी की गई थी।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को बीमारी से बचाव के लिए नियमित जांच, सही आहार और समय पर चिकित्सा परामर्श लेने की सलाह दी गई।