नगर निगम कार्यालय में मारपीट से मचा हड़कंप, कर्मचारी ने व्यापारी पर लगाए गंभीर आरोप

नगर निगम कार्यालय में मारपीट से मचा हड़कंप, कर्मचारी ने व्यापारी पर लगाए गंभीर आरोप

टॉप – रुड़की
संवाददाता – प्रवेश राय

नगर निगम कार्यालय में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक मोबाइल दुकानदार और नगर निगम के आउटसोर्स कर्मचारी के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया है।

जानकारी के अनुसार, नगर निगम में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारी अर्पित ने मेयर अनीता अग्रवाल को एक शिकायती पत्र सौंपते हुए व्यापारी नौशाद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अर्पित का आरोप है कि नगर निगम मार्केट में मोबाइल की दुकान चलाने वाला व्यापारी नौशाद कार्यालय पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने अर्पित का मोबाइल फोन छीन लिया और जान से मारने की धमकी दी।

कर्मचारी अर्पित ने कहा कि व्यापारी ने न केवल सरकारी कार्य में बाधा डाली, बल्कि धमकी देकर कार्यालय का माहौल भी बिगाड़ने की कोशिश की।


मेयर अनीता अग्रवाल ने मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस में तहरीर दी और आरोपी दुकानदार के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मेयर द्वारा आरोपी व्यापारी का दुकान लाइसेंस निरस्त करने की सिफारिश भी की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम के अन्य कर्मचारी और व्यापारी भी कार्यालय में एकत्र हो गए और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध जताया।

नगर निगम प्रशासन और स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना के बाद नगर निगम परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।