

हल्द्वानी

कोतवाली क्षेत्र के देवलचौड़ स्थित हाइनेक्स होटल में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 29 वर्षीय युवक का शव होटल के कमरे के बाथरूम में पड़ा मिला। मृतक की पहचान हरिपुर नायक, थाना मुखानी निवासी मनोज रौतेला के रूप में हुई है।



होटल प्रबंधन के अनुसार, मनोज ने बुधवार को होटल में कमरा बुक कराया था और गुरुवार सुबह चेकआउट करना था। लेकिन दोपहर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आया और बार-बार दस्तक देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो होटल स्टाफ ने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचित किया।


कोतवाल राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का दरवाजा तोड़ा और अंदर प्रवेश किया, जहां युवक का शव बाथरूम में पड़ा मिला। कमरे से शराब की आधी खाली बोतल और सल्फास की डिब्बी भी बरामद की गई है।


प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि परिजन युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का कोई स्पष्ट कारण नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कोतवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों की पुष्टि हो सकेगी। साथ ही होटल में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच भी की जा रही है और मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं, ताकि घटना के पीछे की वजह स्पष्ट हो सके।


घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक की लहर है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।



