

कोटद्वार

कोटद्वार के दुगड्डा क्षेत्र में 5 जून को मिले अज्ञात शव के सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। दिल्ली निवासी रविन्द्र कुमार की हत्या के मामले में उसकी दूसरी पत्नी रीना सिन्धू और उसके प्रेमी पारितोष कुमार को पुलिस ने बिजनौर (नगीना) से गिरफ्तार किया है। हत्या के पीछे संपत्ति विवाद और प्रेम-प्रसंग की खौफनाक साजिश सामने आई है।



पुलिस के अनुसार, मृतक रविन्द्र कुमार दिल्ली के वसंत कुंज क्षेत्र का निवासी था। उसकी हत्या के मामले में उसके भाई राजेश कुमार की शिकायत पर कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया था कि रविन्द्र अपनी दूसरी पत्नी रीना सिन्धू के साथ मुरादाबाद स्थित मकान को बेचने को लेकर विवाद में था। इसी विवाद के चलते रीना और उसके अज्ञात सहयोगियों पर हत्या का शक जताया गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी लोकेश्वर सिंह के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह और पुलिस उपाधीक्षक निहारिका सेमवाल की निगरानी में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। निरीक्षक उमेश कुमार, उपनिरीक्षक राजविक्रम सिंह, शशिभूषण जोशी, दीपिका बिष्ट और विनोद चपराना समेत अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक रिपोर्टों के आधार पर दोनों आरोपियों तक पहुंच बनाई।


पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे
पुलिस पूछताछ में रीना सिन्धू ने कबूल किया कि उसका फिजियोथेरेपी सेंटर पर आने वाले पारितोष कुमार से अवैध संबंध था। रविन्द्र मकान बेचना चाहता था, जिसका रीना विरोध कर रही थी। ऐसे में रीना ने पारितोष को 10 लाख रुपये देने का लालच देकर पति की हत्या की साजिश रची।


योजना के तहत 31 मई को रीना ने रविन्द्र को नगीना बुलाया। वहां पारितोष ने उसे पहले शराब पिलाई और फिर फावड़े से गला और छाती पर वार कर निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों ने शव को SUV 500 गाड़ी में डालकर रामनगर ले जाने की कोशिश की, लेकिन वहां मौका न मिलने पर शव को कोटद्वार के दुगड्डा क्षेत्र के जंगल में फेंक दिया।


फॉरेंसिक और तकनीकी साक्ष्यों से पकड़े गए आरोपी
पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से SUV 500 गाड़ी को ट्रेस किया और कई तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल दोनों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इस मामले के सफल अनावरण पर पुलिस टीम की सराहना की है। मामले की गंभीरता और योजना की सटीकता को देखते हुए यह हत्याकांड कोटद्वार क्षेत्र में चर्चाओं का केंद्र बना हुआ है।


