

अल्मोड़ा

अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-109) पर क्वारब पुल के पास हिल साइड में सक्रिय भूस्खलन जोन के चलते प्रशासन ने बड़ी सावधानी बरतते हुए वाहनों की आवाजाही पर आंशिक रोक लगा दी है। 3 जुलाई तक हर रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक हल्के और भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।



जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष आलोक कुमार पांडेय ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-87 (वर्तमान संख्या-109) के किमी 56 क्वारब क्षेत्र में लगभग 200 मीटर की लंबाई में लगातार पत्थर और मलबा गिरने की घटनाएं हो रही हैं, जिससे सड़क पर चलना बेहद असुरक्षित हो गया है।


सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा क्षेत्र में पोकलैंड, जेसीबी और टिप्पर मशीनों के माध्यम से हिल कटिंग कार्य कराया जा रहा है। इस कार्य के दौरान रात के समय मार्ग को बंद किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।


इस अवधि में वाहनों को वैकल्पिक मार्गों — अल्मोड़ा-विश्वनाथ-शहरफाटक या खैरना-रानीखेत मोटर मार्ग से संचालित किया जाएगा।

प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के दौरान इस मार्ग पर यात्रा से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचा जा सके।


जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को कार्य में तेजी लाकर मार्ग को शीघ्र सामान्य स्थिति में लाने के निर्देश भी दिए हैं।



