

रिपोर्टर_अज़ीम खान

लोकेशन_बाजपुर

ग्राम भउआ नगला स्थित मशरूम फैक्ट्री में शुक्रवार शाम करीब 7:00 बजे बड़ा हादसा हो गया, जब फैक्ट्री में लगे रैक अचानक टूटकर गिर पड़े। हादसे के वक्त फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूर रैक के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही जिला आपदा कंट्रोल रूम सक्रिय हो गया और त्वरित राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।



इस हादसे में 23 मजदूरों के फंसे होने की सूचना मिली थी। जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और फायर विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय नागरिकों के सहयोग से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। राहत-बचाव कार्य में प्रशासन की तत्परता के चलते कई मजदूरों की जान बचाई जा सकी।



हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई है, जबकि 14 मजदूर घायल हुए हैं। इनमें से सात की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें रुद्रपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।


जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और उनके परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने बताया कि इस घटना की मजिस्ट्रियल जांच कराई जाएगी।


यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।


फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों को लेकर उठे सवालों के बीच प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश और चिंता का माहौल बना हुआ है।


