हरिद्वार  पांच साल से आश्रम में चल रहा डिग्री कॉलेज, अब हो सकता है शिफ्ट

हरिद्वार पांच साल से आश्रम में चल रहा डिग्री कॉलेज, अब हो सकता है शिफ्ट

टॉप – हरिद्वार
संवाददाता – मनोज कश्यप

भूपतवाला स्थित सरकारी डिग्री कॉलेज बीते पांच वर्षों से आश्रम के कमरों में संचालित हो रहा है। सरकार और प्रशासन की तमाम कोशिशों के बावजूद कॉलेज के लिए अभी तक स्थायी जमीन नहीं मिल पाई है, जिससे भवन निर्माण की योजना अधर में लटकी हुई है।

उच्च शिक्षा विभाग के जॉइंट सेक्रेटरी ए.एस. उनियाल के अनुसार, विभाग कॉलेज के लिए जमीन खरीदने को तैयार है, लेकिन हरिद्वार शहर में उपयुक्त जमीन उपलब्ध नहीं हो पा रही है। इस वजह से अब कॉलेज को भूपतवाला से अन्य क्षेत्र में शिफ्ट करने की संभावना पर विचार किया जा रहा है।

क्या कहा अधिकारियों ने:

ए.एस. उनियाल ने जानकारी दी कि –

“हमारे पास बजट है और हम ज़मीन खरीदने को तैयार हैं। लेकिन हरिद्वार शहर में जमीन की उपलब्धता बहुत बड़ी समस्या बनी हुई है। ऐसे में जहां भी जमीन उपलब्ध होगी, वहीं कॉलेज की इमारत बनाई जाएगी।”

जल्द होगी नोडल अधिकारी की नियुक्ति

कॉलेज के लिए जमीन चिन्हित करने और खरीद प्रक्रिया को तेज करने के लिए विभाग की ओर से नोडल अधिकारी की नियुक्ति जल्द की जाएगी

छात्रों को हो रही दिक्कत

स्थायी भवन न होने के कारण छात्र-छात्राओं को पठन-पाठन, प्रयोगशाला, पुस्तकालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। कॉलेज प्रबंधन भी जगह की कमी को लेकर लंबे समय से आवाज उठा रहा है।

स्थानीय लोगों और छात्र संगठनों ने सरकार से मांग की है कि इस महत्वपूर्ण शिक्षण संस्थान को जल्द से जल्द स्थायी जगह और भवन मुहैया कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों का शैक्षिक भविष्य प्रभावित न हो।