


देहरादून

बीती 2 जून की रात को प्रेमनगर क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारे जाने के बाद भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रोहित नेगी की मौत हो गई। बाइक सवार दो युवकों द्वारा की गई इस निर्मम हत्या से क्षेत्र में सन्नाटा और आक्रोश दोनों फैल गया है।



मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक आरोपी फरार हैं। इस स्थिति से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने मंगलवार को क्षेत्रीय विधायक के नेतृत्व में एसएसपी कार्यालय पहुंचकर विरोध दर्ज कराया और आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।



प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस की ढिलाई के कारण आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।



एसएसपी देहरादून को सौंपे गए ज्ञापन में परिजनों ने स्पष्ट किया कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल गठित किया गया है और सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल ट्रैकिंग व अन्य तकनीकी माध्यमों से जांच तेज़ी से की जा रही है।


फिलहाल प्रेमनगर में पुलिस की अतिरिक्त तैनाती कर दी गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है



