राशन कार्ड सत्यापन को लेकर खाद्य कार्यालय में हंगामा, अधिकारियों से की गई अभद्रता, FIR दर्ज

राशन कार्ड सत्यापन को लेकर खाद्य कार्यालय में हंगामा, अधिकारियों से की गई अभद्रता, FIR दर्ज

हल्द्वानी

बनभूलपुरा क्षेत्र में चल रहे राशन कार्ड सत्यापन कार्य को लेकर शनिवार को हल्द्वानी स्थित क्षेत्रीय खाद्य कार्यालय में हंगामे और अव्यवस्था का माहौल उत्पन्न हो गया। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी दिव्या अहीन पाण्डे ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर राजकीय कार्य में बाधा डालने और धमकी देने के आरोपों में बनभूलपुरा संघर्ष समिति के संयोजक उवैस राजा सहित अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की है।

शिकायत में बताया गया कि 31 मई को दोपहर करीब 12 बजे, 30 से 40 लोगों की भीड़ ने अनधिकृत रूप से कार्यालय परिसर में प्रवेश कर सत्यापन कार्य को रोकने का प्रयास किया और अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार किया। भीड़ का नेतृत्व कर रहे उवैस राजा ने राशन कार्ड सत्यापन प्रक्रिया को “विशेष समुदाय के गरीब लोगों को निशाना बनाने” का आरोप लगाया।

क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी के अनुसार, उन्हें स्पष्ट रूप से बताया गया कि राशन कार्ड सत्यापन जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशानुसार पूरे जिले में एक समान रूप से चलाया जा रहा है,

और यह किसी एक क्षेत्र विशेष को लक्षित नहीं करता। इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों ने कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया और कर्मचारियों को डराया-धमकाया।

इस घटनाक्रम के कारण कार्यालय का नियमित कामकाज बाधित हुआ और कर्मचारियों में भय का माहौल बन गया। अधिकारी ने यह भी आशंका जताई कि ऐसी घटनाएं आगे चलकर सत्यापन टीमों की फील्ड वर्क में बाधा बन सकती हैं, विशेषकर बनभूलपुरा क्षेत्र में।

फिलहाल हल्द्वानी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तहरीर के आधार पर उवैस राजा व अन्य के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।