


लोकेशन – रुड़की
संवाददाता – प्रवेश राय

हरिद्वार (श्यामपुर)। मंगलवार देर रात श्यामपुर क्षेत्र स्थित गौरीशंकर पार्किंग के पास एक झुग्गी में भीषण आग लग गई। हादसे में झुग्गी में सो रहे दो भाइयों में से एक मासूम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे तत्काल हायर सेंटर रेफर किया गया है।




मोमबत्ती से आग लगने की आशंका
प्राप्त जानकारी के अनुसार, झुग्गी में रहने वाला सोनू नामक व्यक्ति अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ वहीं जीवन यापन करता है। घटना के समय सोनू और उसकी पत्नी दो बेटियों के साथ झुग्गी के बाहर सो रहे थे, जबकि दो बेटे – कृष्णा और मुन्ना – झुग्गी के अंदर थे।



बताया जा रहा है कि सोने से पहले बच्चों ने मोमबत्ती जलाई थी, जिससे आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग लगते ही झुग्गी धू-धू कर जल उठी।


कृष्णा की मौके पर मौत, मुन्ना की हालत गंभीर
भीषण आग की चपेट में आकर बड़ा बेटा कृष्णा (उम्र लगभग 8 वर्ष) पूरी तरह झुलस गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। छोटा बेटा मुन्ना (उम्र लगभग 5 वर्ष) करीब 30-35 प्रतिशत तक झुलस गया, जिसे गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है।



पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी और श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायज़ा लिया।



सीओ सिटी ने बताया कि प्राथमिक जांच में आग का कारण मोमबत्ती लग रहा है, हालांकि घटना की विस्तृत जांच जारी है।

शोक और सावधानी की अपील
इस हृदयविदारक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस व प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की झुग्गियों या कच्चे घरों में आग से जुड़ी चीजों (जैसे मोमबत्ती, दीया आदि) के इस्तेमाल में अत्यधिक सावधानी बरतें, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।



