


संवाददाता – सचिन कुमार

देहरादून। उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्य ने सोमवार को विधानसभा कक्ष में उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन और खेल विभाग के अधिकारियों के साथ आगामी 23 जून को मनाए जाने वाले ‘ओलंपिक डे’ को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में राज्यभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।



बैठक के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि,

“यह बैठक उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन और खेल विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से आयोजित की गई थी। इसका मुख्य उद्देश्य 23 जून को ‘ओलंपिक डे’ के भव्य आयोजन को लेकर कार्ययोजना तैयार करना था।”


प्रदेशभर में होंगे खेल आयोजन
खेल मंत्री ने बताया कि प्रदेश के सभी 13 जिलों में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें यह भी निर्धारित किया जा रहा है कि किस जिले में कौन-कौन से खेल प्रमुख रूप से प्रचलित हैं, ताकि आयोजन स्थानीय प्रतिभा के अनुसार प्रभावी हो।


ओपन एंट्री और बच्चों का रजिस्ट्रेशन रहेगा
बैठक में यह भी तय किया गया कि बच्चों के लिए ओपन एंट्री की सुविधा होगी और ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन प्रणाली पर काम किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक प्रतिभागी शामिल हो सकें।


राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को भेजा जाएगा आमंत्रण
खेल मंत्री ने बताया कि राज्य के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को भी इस आयोजन में आमंत्रित किया जाएगा, जिससे युवाओं को प्रेरणा मिल सके।

मुख्यमंत्री को किया जाएगा आमंत्रित
मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि आयोजन को नेशनल गेम्स की तर्ज़ पर भव्य और व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी आयोजन में आमंत्रित किया जाएगा, और इसकी पुष्टि के लिए एक और बैठक वर्चुअल या प्रत्यक्ष रूप से जल्द आयोजित की जाएगी, जिसमें अंतिम निर्णय लिए जाएंगे।




