


देहरादून।
शहर के प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पीपल चौक माण्डुवाला में सोमवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में दहशत और हड़कंप मच गया। हत्या की वजह आपसी रंजिश और महिला मित्र से जुड़ा पुराना विवाद बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोहित नामक युवक अपने दोस्तों के साथ बोलेरो वाहन (UK07 FZ 0707) से माण्डुवाला गया था। इस दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे, जिनमें से एक ने बोलेरो पर सीधे सामने से गोली चला दी, जो रोहित की गर्दन में लगी। घायल हालत में उसे तुरंत ग्राफिक एरा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।



हत्या की तहरीर दर्ज, प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग का एंगल
मृतक रोहित के मित्र अभिषेक बर्तवाल, निवासी तिलवाड़ी थाना सेलाकुई, ने पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर प्रेमनगर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष मोहन सिंह मामले की विवेचना कर रहे हैं।


पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हत्या आपसी रंजिश का परिणाम है। बताया जा रहा है कि रोहित का एक दोस्त और एक महिला मित्र सोमवार रात नयागांव स्थित एक घर में मौजूद थे, जहां किसी बात को लेकर महिला मित्र और आरोपी के बीच फोन पर बहस हुई। बहस के बाद आरोपी ने आवेश में आकर वारदात को अंजाम दिया।


आरोपी फरार, गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित
घटना के बाद से आरोपी फरार हैं। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन कर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। एसएसपी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और कॉल रिकॉर्ड की मदद से आरोपियों की पहचान और लोकेशन ट्रेस की जा रही है।



