लक्सर में कांठे पीर उर्स की तैयारियां जोरों पर, अध्यक्ष वारिस अहमद ने भाईचारे का दिया संदेश

लक्सर में कांठे पीर उर्स की तैयारियां जोरों पर, अध्यक्ष वारिस अहमद ने भाईचारे का दिया संदेश

पांच दिवसीय आयोजन में झूले, सर्कस, मौत का कुआं और खिलौनों की दुकानें बनेंगी आकर्षण का केंद्र

लक्सर (हरिद्वार)।
लक्सर क्षेत्र के पाथरी स्थित पौराणिक कांठे पीर उर्स की तैयारियां जोरों पर हैं। आयोजन को लेकर जीएनएसडीआर समाज सेवा कल्याणकारी चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष वारिस अहमद ने क्षेत्रीय ग्रामीणों के साथ बैठक कर भाईचारे और एकता का संदेश दिया तथा उर्स में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।

वारिस अहमद ने बताया कि पांच दिवसीय उर्स कार्यक्रम के दौरान कांठा पीर परिसर को भव्य रूप से सजाया जाएगा। इस वर्ष आयोजन में झूले, मौत का कुआं, सर्कस जैसे पारंपरिक खेल और करतब भी लगाए जाएंगे, जो स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूरदराज़ से आए ज़ायरीनों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेंगे। खिलौनों की दुकानों की स्थापना भी प्रारंभ हो चुकी है।

नॉनवेज बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध

अध्यक्ष वारिस अहमद ने स्पष्ट किया कि उर्स स्थल पर नॉनवेज विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यदि कोई व्यक्ति इस निर्देश का उल्लंघन करता है, तो प्रशासन द्वारा उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

“तीसरी नजर” से निगरानी, सुरक्षा पुख्ता

इस बार पुलिस व प्रशासन की सतर्कता के साथ-साथ “तीसरी नजर” यानी सीसीटीवी कैमरों से भी पूरे मेला परिसर की निगरानी की जाएगी, जिससे शांति, सुरक्षा और व्यवस्था को सुनिश्चित किया जा सके।

कांठा पीर दरगाह को सजाने का कार्य भी शुरू हो चुका है और आयोजन को सांप्रदायिक सौहार्द और आध्यात्मिक एकता के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है।