हल्द्वानी-रुद्रपुर हाईवे किनारे झाड़ियों में मिला शव, क्षेत्र में सनसनी! प्रॉपर्टी डीलर कौशल सती की हुई पहचान, पुलिस कर रही मौत की जांच

हल्द्वानी-रुद्रपुर हाईवे किनारे झाड़ियों में मिला शव, क्षेत्र में सनसनी! प्रॉपर्टी डीलर कौशल सती की हुई पहचान, पुलिस कर रही मौत की जांच

हल्द्वानी।
हल्द्वानी-रुद्रपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब राहगीरों ने एस-बैंड के आगे जंगल में झाड़ियों के बीच एक अज्ञात शव पड़ा देखा। मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

हल्द्वानी कोतवाल राजेश कुमार यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायज़ा लिया। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान कौशल कुमार सती के रूप में हुई है, जो जज फार्म, हल्द्वानी निवासी थे और प्रॉपर्टी डीलिंग का व्यवसाय करते थे।

घटनास्थल के पास मिली स्कूटी

पुलिस को घटनास्थल के पास ही मृतक की स्कूटी खड़ी मिली, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि वह स्वयं वहां तक पहुंचे थे। हालांकि, मौत के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है।

पुलिस नहीं कर रही किसी एंगल से इनकार

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना, आत्महत्या या हत्या – किसी भी पहलू से इंकार नहीं किया जा सकता। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है और सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल्स सहित सभी तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है।

क्षेत्र में भय का माहौल

दिनदहाड़े जंगल के पास शव मिलने की खबर से स्थानीय लोगों में भय और आशंका का माहौल है। लोग इसे एक संदिग्ध और रहस्यमयी घटना मान रहे हैं और जल्द खुलासे की मांग कर रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि परिवारजन से पूछताछ के साथ-साथ कौशल सती के हालिया संपर्कों और गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।