उत्तराखंड में लाभार्थी सत्यापन अभियान जारी, अपात्रों के राशन कार्ड निरस्त! जसपुर क्षेत्र में अब तक 108 अपात्र कार्ड किए गए रद्द, पात्र लोगों को ही मिलेगा लाभ

उत्तराखंड में लाभार्थी सत्यापन अभियान जारी, अपात्रों के राशन कार्ड निरस्त! जसपुर क्षेत्र में अब तक 108 अपात्र कार्ड किए गए रद्द, पात्र लोगों को ही मिलेगा लाभ

स्थान – जसपुर
रिपोर्टर – प्रदीप श्रीवास्तव

उत्तराखंड सरकार द्वारा चलाए जा रहे लाभार्थी सत्यापन अभियान के तहत प्रदेशभर में लाभार्थियों की पहचान और पात्रता का सत्यापन कार्य तेजी से जारी है। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सही और पात्र लाभार्थियों तक ही पहुंचे।

इसी क्रम में जसपुर आपूर्ति निरीक्षक मुकुल कुमार गर्जोला ने मीडिया से बातचीत में बताया कि क्षेत्र में कई ऐसे लोग बीपीएल कार्डधारी हैं, जो वास्तव में गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन नहीं करते। समय-समय पर जनता दरबारों व शिकायतों के माध्यम से ऐसे मामलों की जानकारी मिलती रही है।

पिछले माह ऐसी ही शिकायत के बाद उधम सिंह नगर के वीडीओ मनीष कुमार द्वारा बीपीएल कार्डों के सत्यापन के निर्देश दिए गए थे। इस पर आपूर्ति विभाग द्वारा राशन कार्ड सत्यापन अभियान चलाया गया, जो लगातार जारी है।

अब तक 108 कार्ड रद्द

जसपुर क्षेत्र में वर्तमान में लगभग 24 हजार एपीएल कार्ड, 20 हजार बीपीएल कार्ड और 2 हजार अन्त्योदय कार्ड जारी हैं। एक माह तक चले अभियान में 97 बीपीएल कार्ड और 11 अन्त्योदय कार्ड अपात्र पाए जाने के बाद निरस्त किए जा चुके हैं। अब तक कुल 108 कार्ड रद्द किए जा चुके हैं।

मुकुल गर्जोला ने बताया कि यह सभी कार्ड “बैक” थे, यानी वे सरकारी मानकों पर खरे नहीं उतरते थे। सत्यापन के दौरान जो कार्ड निरस्त किए जा रहे हैं, उनकी जगह नई पात्र बीपीएल सूची के लाभार्थियों को सत्यापन उपरांत कार्ड जारी किए जाएंगे।

ग्राम विकास अधिकारी कर रहे हैं सत्यापन

उन्होंने बताया कि राशन कार्डों का सत्यापन कार्य ग्राम विकास अधिकारियों की देखरेख में हो रहा है। जब तक शासन से कोई नई निर्देशावली नहीं आती, सत्यापन अभियान जारी रहेगा

उद्देश्य: योजनाओं का लाभ सही व्यक्ति तक पहुंचे

सरकार की मंशा है कि जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ केवल पात्र व जरूरतमंद लोगों तक ही सीमित रहे। अपात्रों को बाहर करने के लिए यह अभियान एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।