


स्थान – नैनीताल

रिपोर्ट – ललित जोशी

सरोवर नगरी नैनीताल में सोमवार को सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. नितिन उपाध्याय ने नैनीताल क्लब में जिला मुख्यालय के पत्रकारों के साथ बैठक कर उत्तराखंड सरकार द्वारा पत्रकारों के हितों में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान के लिए शासन स्तर पर की जा रही कार्रवाई से अवगत कराया।



संयुक्त निदेशक डॉ. उपाध्याय ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार पत्रकारों को स्वास्थ्य और बीमा सुविधाएं प्रदान करने हेतु गोल्डन कार्ड योजना व बीमा नीति तैयार की जा रही है। इसका लाभ न केवल मान्यता प्राप्त पत्रकारों को, बल्कि सक्रिय रूप से कार्यरत पत्रकारों को भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि पत्रकारों को कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा सुलभ हो।


उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मुख्यमंत्री द्वारा पत्रकार पेंशन योजना के अंतर्गत पूर्व में दी जा रही ₹5000 मासिक पेंशन को बढ़ाकर अब ₹8000 कर दिया गया है। साथ ही, पेंशन सुविधा हेतु मान्यता संबधी पात्रता नियमों में युक्तिसंगत बदलाव प्रस्तावित हैं।
वर्तमान में मान्यता प्राप्त पत्रकारों को 100% चिकित्सा सुविधा एवं उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध है। तहसील स्तर पर पत्रकारों को मान्यता प्रदान करने हेतु प्रेस मान्यता नियमावली में संशोधन हेतु प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।


डॉ. उपाध्याय ने कहा कि जिला पत्रकार कल्याण कोष से पात्र पत्रकारों को त्वरित आर्थिक सहायता दी जा रही है।

इस दौरान पत्रकारों ने भी अनेक समस्याएं व सुझाव रखे, जिनमें प्रमुख रूप से:

- पत्रकार सुरक्षा कानून बनाए जाने,
- तहसील एवं जिला स्तर पर मान्यता प्रक्रिया को सरल किए जाने,
- प्रेस कवरेज के दौरान वाहन पार्किंग की व्यवस्था,
- पत्रकारों के लिए प्रेस कॉलोनी का निर्माण,
- और जिला स्तर पर सूचना विभाग द्वारा प्रेस पास जारी करने की मांग शामिल रही।

संयुक्त निदेशक ने आश्वस्त किया कि इन सभी मांगों और सुझावों पर विभागीय स्तर पर शीघ्र कार्यवाही की जाएगी।
बैठक की शुरुआत में वरिष्ठ पत्रकार विकास धूलिया के निधन पर 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी, सूचना अधिकारी मीडिया सेंटर हल्द्वानी प्रियंका जोशी, एवं जिला मुख्यालय के सभी प्रमुख पत्रकार उपस्थित रहे।



