भवाली बाजार में भीषण आग, दर्जनों दुकानें जलकर राख नैनीताल, भवाली, भीमताल, हल्द्वानी से पहुंचे दमकल दल, रेस्क्यू अभियान जारी

भवाली बाजार में भीषण आग, दर्जनों दुकानें जलकर राख नैनीताल, भवाली, भीमताल, हल्द्वानी से पहुंचे दमकल दल, रेस्क्यू अभियान जारी

नैनीताल।
भवाली मुख्य बाजार में सोमवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक दुकान से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते पूरे बाजार को अपनी चपेट में ले लिया। भीषण आगजनी की इस घटना में दर्जनों दुकानें जलकर राख हो गईं। आग की भयावहता को देखते हुए भवाली एयर फोर्स स्टेशन, भीमताल, नैनीताल और हल्द्वानी से दमकल वाहन तत्काल मौके पर भेजे गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की शुरुआत भवाली बाजार स्थित एक मंदिर के समीप मनीष की दुकान के पास एक महिला की दुकान से हुई। लकड़ी से बनी दुकानें और सूखी सामग्री आग के फैलाव का कारण बनीं। तेज हवाओं ने हालात को और भी गंभीर बना दिया, जिससे देखते ही देखते आग ने ऊपरी मंजिलों और आस-पास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही उन्होंने बाल्टियों, पाइपों और छोटे अग्निशमन साधनों से आग बुझाने की कोशिशें शुरू कर दीं। लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि उनकी कोशिशें नाकाफी साबित हुईं।

दमकल विभाग की टीमें, भवाली एयर फोर्स स्टेशन, भीमताल, नैनीताल और हल्द्वानी से देर रात तक मौके पर राहत और बचाव कार्यों में जुटी रहीं। पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भवाली-भीमताल मार्ग पर यातायात नियंत्रित कर रेस्क्यू कार्य को प्राथमिकता दी।

स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने आरोप लगाया कि दमकल वाहन देरी से पहुंचे और उनके पास पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी, जिससे आग बुझाने में समय लगा और नुकसान बढ़ा।

प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक दमकलकर्मी और स्थानीय नागरिक आग पर नियंत्रण पाने के प्रयासों में लगे हुए थे।