


लोहाघाट (चंपावत)।
लोहाघाट में पिछले एक दशक से स्वर्णकारों के लिए आभूषण निर्माण करने वाला पश्चिम बंगाल निवासी कारीगर शेख सिकंदर लाखों रुपये के सोने के साथ फरार हो गया है। 31 मई को वह अपने परिवार और कर्मचारियों सहित वाहन से लापता हो गया। इस घटना के बाद लोहाघाट के साथ-साथ पिथौरागढ़ जिले के स्वर्णकारों में भी भारी हड़कंप मच गया है।



स्वर्णकार समिति अध्यक्ष आशीष वर्मा ने लोहाघाट थाने में शिकायती पत्र देकर मामले की सूचना दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।


थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने जानकारी दी कि मामले की जांच उपनिरीक्षक कुंदन बोरा द्वारा की जा रही है। प्रथम दृष्टया अनुमान है कि सिकंदर करोड़ों रुपये मूल्य का सोना लेकर फरार हुआ है।



बताया जा रहा है कि शेख सिकंदर पिछले करीब 10 वर्षों से लोहाघाट में रहकर स्वर्णकारों के लिए आभूषण निर्माण का कार्य करता था और उसका नेटवर्क पिथौरागढ़ जिले तक फैला हुआ था।


फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश की जा रही है।



