आईटीबीपी 34वीं वाहिनी हल्दूचौड़ का 18वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया

आईटीबीपी 34वीं वाहिनी हल्दूचौड़ का 18वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया

लोकेशन :- लालकुआँ
रिपोर्टर :- मुन्ना अंसारी

भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) की 34वीं वाहिनी हल्दूचौड़ का 18वां स्थापना दिवस आज पूरे उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कमांडेंट अनिल सिंह बिष्ट के नेतृत्व में भव्य परेड आयोजित की गई, जिसमें सभी अधिकारी और हिमवीर जवानों ने भाग लिया।

समारोह की शुरुआत आईटीबीपी ध्वज फहराने के साथ हुई, जिसे कमांडेंट अनिल सिंह बिष्ट ने सम्मानपूर्वक फहराया। उन्होंने सभी जवानों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्पण और सेवा भावना की सराहना की। कमांडेंट ने सभी अधिकारियों और जवानों से मुलाकात कर परिचय प्राप्त किया और इस विशेष पल को कैमरे में भी कैद किया।

स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया है, जिसमें विभिन्न प्रदेशों से आए आईटीबीपी जवान और अधिकारी अपने-अपने राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। यह कार्यक्रम न केवल मनोरंजन का माध्यम है, बल्कि देश की विविधता और एकता को दर्शाने का सशक्त उदाहरण भी है।

कमांडेंट बिष्ट ने कहा, “आईटीबीपी के जवान कठिन परिस्थितियों में देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं। स्थापना दिवस का यह आयोजन उनके समर्पण, अनुशासन और राष्ट्रीय भावना को सम्मान देने का अवसर है।”

स्थानीय लोगों और अतिथियों ने भी इस अवसर पर वीर जवानों को बधाई दी और कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा की।