


स्थान : द्वाराहाट
रिपोर्ट : विमल साह


रविवार को द्वाराहाट नगर और आसपास के क्षेत्रों में उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। सुबह 10 बजे से यूके लक्ष्मी प्रोडक्शन के बैनर तले कुमाऊंनी गानों की शूटिंग का शुभारंभ हुआ। शूटिंग स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और महिलाएं मौजूद रहीं और उन्होंने इस सांस्कृतिक कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।



यूके लक्ष्मी प्रोडक्शन लंबे समय से उत्तराखंड की आंचलिक भाषा, संस्कृति और धरोहर को बढ़ावा देने का कार्य कर रहा है। इस बार प्रोडक्शन टीम ने द्वाराहाट जैसे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व वाले स्थान को अपने गीतों के जरिए सामने लाने का निर्णय लिया है।



गायक गोविंद आर्य ने कहा, “उत्तराखंड सच में देवभूमि है। यहां के लोग बेहद संस्कारी और सहयोगी हैं। द्वाराहाट का प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक स्थल इसे उत्तराखंड का ‘खजुराहो’ बनाते हैं। इन्हें जनमानस तक पहुंचाना हमारा दायित्व है।”


शूटिंग के दौरान न केवल सांस्कृतिक धुनों की गूंज सुनाई दी, बल्कि लोक कलाकारों की पारंपरिक पोशाक और नृत्य ने भी सबका मन मोह लिया। स्थानीय लोगों ने यूके लक्ष्मी प्रोडक्शन की इस पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र की पहचान और सांस्कृतिक महत्व को नया आयाम मिलेगा।



