

रिपोर्ट : नीरज कंडारी
स्थान : रूद्रप्रयाग


केदारनाथ यात्रा पर जा रहे यात्रियों के वाहन पर शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर काकडागाड़ के पास अचानक पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आकर मैक्स वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार पांच अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।



घटना की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। घायलों को 108 एंबुलेंस और स्थानीय वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि पहुंचाया गया, जहां सभी का उपचार जारी है।



मलबे में दबकर गई चालक की जान
डीडीएमओ नंदन सिंह रजवार ने बताया कि हादसे में मैक्स वाहन के चालक राजेश रावत (38 वर्ष), पुत्र राय सिंह, निवासी नाग पनियाला, लंबगांव (नई टिहरी) की मौके पर ही मौत हो गई। वह यात्रियों को लेकर केदारनाथ की ओर जा रहा था।



घायल यात्रियों की पहचान
घायल यात्रियों की पहचान इस प्रकार की गई है:
- लक्ष्मण सिंह (24), पुत्र धनीराम यादव
- शैलेश कुमार (24), पुत्र मोहन लाल यादव
- ओंकार सिंह (24), पुत्र वीरेन्द्र सिंह
- विपेश यादव (19), पुत्र गोविंद यादव
- चित्रांश साहू, पुत्र ओंकार साहू, निवासी जिला दुर्ग, छत्तीसगढ़

घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा यात्रियों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

यात्रियों से की गई सतर्कता बरतने की अपील
प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि यात्रा मार्गों पर लगातार हो रहे भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए सावधानीपूर्वक यात्रा करें। पहाड़ी मार्गों पर मौसम और भूगर्भीय स्थितियों के कारण खतरा बना हुआ है।




