लोहाघाट-चंपावत राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार और डंपर में जबरदस्त भिड़ंत, तीन घायल

लोहाघाट-चंपावत राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार और डंपर में जबरदस्त भिड़ंत, तीन घायल

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
रिपोर्ट : लक्ष्मण बिष्ट

लोहाघाट-चंपावत राष्ट्रीय राजमार्ग पर खूना बोरा के पास शुक्रवार को एक डंपर और स्विफ्ट डिज़ायर कार के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस सड़क दुर्घटना में कार चालक दीपांशु जोशी (निवासी- सितारगंज) घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी यामिनी जोशी और बेटी अनन्या को मामूली चोटें आईं।

दुर्घटना के समय डंपर जल संस्थान के लिए पेयजल ढोने का कार्य कर रहा था और वह लोहाघाट से चंपावत की ओर जा रहा था। इसी दौरान चंपावत से आ रही कार सामने से आकर टकरा गई।

घायलों को समय रहते निकाला गया बाहर
हादसे के बाद आस-पास मौजूद वाहन चालकों ने तत्काल कार में फंसे तीनों लोगों को बाहर निकाला। 112 सेवा और लोहाघाट पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

डंपर चालक का बयान
डंपर चला रहे अरबाज़ हुसैन (निवासी – टनकपुर) ने बताया कि,

“कार रॉन्ग साइड से मोड़ पर अचानक सामने आ गई थी, जिससे टक्कर होना तय था।”

स्थानीय लोगों की नाराजगी
स्थानीय लोगों ने हादसे पर नाराजगी जताते हुए कहा कि,

“बाहर से आने वाले वाहन चालक तेज गति से वाहन चलाते हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार हादसे बढ़ते जा रहे हैं और प्रशासन को इस ओर ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।”

जांच जारी
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और दोनों वाहनों के ड्राइवरों के बयान दर्ज किए गए हैं। साथ ही घटना स्थल का निरीक्षण कर यातायात को नियंत्रित किया गया।