


स्थान : कोटद्वार


उत्तराखंड में बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में आज अदालत अपना फैसला सुनाएगी। यह मामला 18 सितंबर 2022 को सामने आया था, जब वनंतरा रिज़ॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के रूप में कार्यरत अंकिता भंडारी की निर्मम हत्या कर दी गई थी। दो वर्षों से अधिक समय से यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है और अब पूरे प्रदेश की निगाहें कोटद्वार की अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत पर टिकी हैं।



फैसले को देखते हुए कोर्ट परिसर और पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि कोई अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो।


मृतका के पिता ने न्याय की गुहार लगाते हुए बेटी के हत्यारों को फांसी की सज़ा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाना न सिर्फ उनके परिवार के लिए, बल्कि समाज में बेटियों की सुरक्षा और विश्वास के लिए बेहद जरूरी है।



मामले के मुख्य आरोपी पुलकित आर्य समेत अन्य आरोपियों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले ने पूरे देश में आक्रोश की लहर पैदा की थी और इसे लेकर कई आंदोलनों और विरोध प्रदर्शनों ने सरकार और प्रशासन पर भी दबाव बनाया था।

अब सभी की नजरें अदालत के इस ऐतिहासिक फैसले पर टिकी हैं, जो न सिर्फ अंकिता के परिवार के लिए, बल्कि न्याय व्यवस्था के लिए भी एक अहम पड़ाव साबित होगा।



