नदी में नहाते समय डूबे युवक की मौत, शोक की लहर

नदी में नहाते समय डूबे युवक की मौत, शोक की लहर

स्थान : चंपावत
रिपोर्ट : लक्ष्मण बिष्ट

चंपावत जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल रीठा साहिब से एक दुखद घटना सामने आई है। सोमवार को कार पार्किंग में कार्यरत एक मजदूर की नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान नौशाद (पुत्र जमील), निवासी सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नौशाद अपने कुछ साथियों के साथ लधीया और रतिया नदी के संगम पर नहाने गया था। नहाते समय अचानक नदी के तेज बहाव में वह बह गया। साथियों द्वारा शोर मचाने पर स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे नदी से बाहर निकाला गया और तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चौड़ा मेहता ले जाया गया।

हालांकि, चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

रीठा साहिब में पर्यटकों और श्रमिकों की बड़ी संख्या में आवाजाही को देखते हुए स्थानीय प्रशासन से सुरक्षा उपायों को और सख्त करने की मांग की जा रही है।